भैना समाज छत्तीसगढ़ को मिला नया सशक्त नेतृत्व,राजभानु सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित


बिलासपुर :- भैना समाज छत्तीसगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हाल ही में गरिमामय वातावरण में किया गया,जिसमें समाज के भविष्य,संगठन की मजबूती एवं सामाजिक एकता पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर समाज के सभी वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की सर्वसम्मति से राजाराम राजभानु को भैना समाज छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष पद की घोषणा होते ही सभा में उपस्थित समाजजनों ने तालियों की गूंज के साथ उनका स्वागत किया। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि राजाराम राजभानु एक सरल,मिलनसार एवं कर्मठ व्यक्तित्व के धनी हैं,जिनका सामाजिक जीवन सदैव समाजहित में समर्पित रहा है। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से भैना समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

अपने निर्वाचन के पश्चात राजाराम राजभानु ने समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को सेवा भाव से निभाएंगे। उन्होंने समाज में शिक्षा,संगठनात्मक मजबूती,युवाओं की भागीदारी एवं सामाजिक समरसता को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही उन्होंने सभी समाजजनों से एकजुट होकर समाज के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में समाज के कई गणमान्य नागरिक,पदाधिकारी,युवा एवं महिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल के सफल और प्रेरणादायी होने की शुभकामनाएं दीं। बैठक का समापन सामाजिक एकता और विकास के संकल्प के साथ हुआ।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url